#एनएच-62 पर दर्दनाक हादसा: गाय से बचने के प्रयास में पलटी निजी बस, 8 माह के मासूम की मौत, 16 यात्री घायल
#बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से लुधियाना जा रही एक निजी बस के सामने अचानक गाय आ जाने से चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित हुई बस विश्वकर्मा मार्केट के पास पलट गई।
हादसे में 8 माह के मासूम माधव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही लूणकरणसर थानाधिकारी गणेश कुमार विश्नोई और उप निरीक्षक धर्मवीर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को लूणकरणसर उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 14 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारू कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के सामने अचानक गाय आने से यह हादसा हुआ।