273वें रविवासरीय पौधरोपण अभियान में लगाए पौधे
जहानाबाद। अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर चलाए जा रहे रविवासरीय साप्ताहिक पौधरोपण अभियान के तहत रविवार को लगातार 273वें सप्ताह पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम ग्राम गोनवां निवासी नंद शर्मा की निजी जमीन पर हुआ।
अभियान में गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की गई।
प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने कहा कि पौधरोपण के साथ उसकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। पौधों को सुरक्षित रखकर वृक्ष बनने तक उनकी जिम्मेदारी निभाना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक रविवार लगातार पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
273 सप्ताह से लगातार चल रहा यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयास का उदाहरण है। अभियान के माध्यम से युवाओं एवं आम लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने तथा क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। साथ ही जल, वायु एवं मिट्टी को प्रदूषण से बचाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के रंगेश कुमार, कौशल कुमार, धनंजय कुमार, शिशुपाल सिंह, नागेंद्र कुमार एवं धर्मेंद्र कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 23, 2026