पन्ना में तेज रफ्तार का कहर! कालिंजर मेले के लिए निकले श्रद्धालुओं को ट्रक ने रौंदा, 22 वर्षीय युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इमिलिहा के पास मंगलवार 24 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कालिंजर मेले में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने वहां खड़े लोगों और ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर डायल 112 की मदद से घायलों को तत्काल अजयगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने लामी निवासी अनिल लोध (22 वर्ष), पिता घनश्याम लोधी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल अंजलि राजपूत (14 वर्ष), मधु राजपूत (12 वर्ष) और कौशल्या राजपूत (40 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया है।
मृतक के पिता घनश्याम के मुताबिक, परिवार के लोग कालिंजर मेला जाने के लिए रास्ते में अपने साथियों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मेले की खुशियां मनाने निकले परिवारों के लिए यह सफर दुखद हादसे में बदल गया। एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया, वहीं तीन लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
फिलहाल धरमपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।
सड़क पर सावधानी बरतें, तेज रफ्तार किसी की जिंदगी छीन सकती है।
सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए हमारे फेसबुक पेज Gajendra singh को फॉलो करें।
#PannaNews #RoadAccident #Dharampur #KalिंजरMela #PannaPolice #BreakingNews #RoadSafety #MadhyaPradeshNews
Shahnagar, Panna | Nov 24, 2026