ग्वालियर में आधी रात होटल बना अखाड़ा, खाने के बिल को लेकर ग्राहकों और स्टाफ के बीच जमकर चली लात-घूंसे...
ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन बजरिया के एक होटल में देर रात खाने के बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। ग्राहकों और होटल कर्मचारियों के बीच हुई तीखी बहस कुछ ही मिनटों में लात-घूंसों और मारपीट तक पहुंच गई, जिससे होटल में मौजूद अन्य ग्राहकों और परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम रात करीब 2 बजे का है। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर देर रात तक होटल किसकी अनुमति से संचालित हो रहा था और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की निगरानी कहां थी।