कुल्लू जिला की पंचायतों में एंटी-चिट्टा और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष ग्राम सभाओं व नशा निवारण समितियों की बैठकों का आयोजन
Kullu Times
'अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस' के अवसर पर आज जिला कुल्लू की नशा प्रभावित व संवेदनशील ग्राम पंचायतों में 'एंटी चिट्टा अभियान' तथा 'नशा मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत विशेष ग्राम सभाओं और 'नशा निवारण समितियों' की बैठकों का व्यापक आयोजन किया गया। कल्याण विभाग के सौजन्य से आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर नशे की सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करना और सामुदायिक निगरानी तंत्र को मजबूत करना है।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत मौहल में आयोजित विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने की। उन्होंने ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। युवाओं को खेल, सांस्कृतिक और कौशल विकास गतिविधियों से जोड़कर ही इस लत से दूर रखा जा सकता है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने भी अपने विचार रखे।
वहीं, ग्राम पंचायत कटराईं में जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा की विशेष उपस्थिति में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं को नशे के खतरनाक शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में सरल और प्रभावी ढंग से जागरूक किया गया।
ग्राम सभाओं के दौरान नशा निवारण समितियों की बैठकों में 14 बिंदुओं की विशेष कार्यसूची पर चर्चा की गई, जिसके तहत पंचायत क्षेत्रों में भांग, अफीम व अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण और तस्करी की गोपनीय सूचनाएं पुलिस व संबंधित विभागों को दी जाएंगी।
ऐसे हॉटस्पॉट भी चिन्हित किए जहाँ नशे की खरीद-फरोख्त या सेवन के लिए लोग इकट्ठा होते हैं।
आमजन को राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 तथा एंटी चिट्टा हेल्पलाइन नंबर 112 के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित स्थानीय पंचायतों के प्रधानों, उप-प्रधानों, वार्ड सदस्यों, महिला व युवक मंडलों और आम जनता को देश व समाज को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई
--
Kullu, Kullu | Jun 26, 2026