सुल्तानपुर में मारपीट के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 आरोपी गिरफ्तार
भौरा रोड बाईपास पर कार में टक्कर मारकर बुजुर्ग के भाई पर लोहे के सरियों और पाइप से हमला करने का आरोप, चुनावी रंजिश का मामला
कोटा ग्रामीण। सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में भौरा रोड बाईपास पर हुई मारपीट के मामले में कोटा ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 17 नवंबर की रात करीब 11 बजे हुई इस घटना में एक व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है। घायल के हाथ-पैरों में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस अधीक्षक जिला कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि थाना सुल्तानपुर में दर्ज प्रकरण संख्या 240/2026 में आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। मामले में अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है।
कार को टक्कर मारकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, फरियादी जगदीश प्रसाद ने 18 नवंबर को सुल्तानपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 17 नवंबर की रात करीब 11 बजे उनके भाई कृष्ण कुमार शर्मा भौरा रोड बाईपास के पास से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान इको गाड़ी में सवार होकर आए लोगों ने उनकी ओमनी गाड़ी को टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने कृष्ण कुमार शर्मा को गाड़ी से बाहर निकालकर लोहे के सरियों और पाइप से ताबड़तोड़ वार किए।
हमले में कृष्ण कुमार शर्मा के दोनों हाथों और पैरों में फ्रैक्चर हो गए। आंख की भौंह और नाक पर भी चोटें आईं। घायल का कोटा के मैत्री अस्पताल में उपचार जारी है।
चुनावी रंजिश में हमला करने का आरोप
रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने पुराने विवाद का हवाला देते हुए जान से मारने की धमकी दी। फरियादी ने घटना के पीछे चुनावी रंजिश होने की आशंका जताई है।
बताया गया कि मौके पर नरेश शर्मा के पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 115(2), 126(2) और 109(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी सहायता से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण रामकल्याण मीणा के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी इटावा ओमप्रकाश सरावग के अतिरिक्त सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।
थानाधिकारी सुल्तानपुर दौलत साहू और डीएसटी टीम प्रभारी सुरेन्द्र राणा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस ने जीवन मेघवाल को 21 नवंबर को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपियों को 23 नवंबर को डिटेन कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
जीवन मेघवाल, निवासी मेदपुरा मोहल्ला, सुल्तानपुर
दीपांशु झावा उर्फ धीरज उर्फ धीरू, निवासी वार्ड नंबर 25, हरिजन बस्ती, सुल्तानपुर
अभिषेक ओस्तवाल, निवासी मेदपुरा मोहल्ला, सुल्तानपुर
विष्णु मेघवाल, निवासी तलाई मोहल्ला, सुल्तानपुर
महावीर झावा उर्फ मंगल, निवासी मेदपुरा मोहल्ला, सुल्तानपुर
सागर वर्मा, निवासी मेदपुरा मोहल्ला, सुल्तानपुर
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश-पतारसी जारी है और मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
जर्नलिस्ट मंगल सिंह हाडा
Ladpura, Kota | Nov 23, 2026