पेंशनर्स संघ ने सरकार से बकाया भुगतान और मेडिकल सुविधाएं दुरुस्त करने की उठाई मांग
पेंशन संशोधन की बकाया राशि एकमुश्त देने, दिवाली से पहले डीए की दो किस्तें जारी करने की मांग
चंबा, 7 अक्टूबर 2026।
हिमाचल आँचल पेंशनर्स संघ, ब्लॉक चंबा की मासिक बैठक बुधवार को लक्ष्मण क्लब चंबा में संघ के अध्यक्ष प्रेम सिंह बेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनर्स की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सरकार से इनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।
बैठक में पेंशन संशोधन की बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संघ के सदस्यों ने कहा कि पेंशन संशोधन से संबंधित देनदारियों का भुगतान टुकड़ों में किए जाने से पेंशनर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघ का कहना है कि वर्ष 2016 से पहले के पेंशनर्स को भुगतान हो चुका है, जबकि वर्ष 2016 से जनवरी 2022 तक के पेंशनर्स को अपेक्षाकृत बहुत कम भुगतान मिला है। संघ ने मांग की कि त्योहारी सीजन को देखते हुए लंबित राशि के एकमुश्त भुगतान की घोषणा की जाए।
दिवाली से पहले डीए की दो किस्तें जारी करने की मांग
संघ ने हिमाचल प्रदेश सरकार से पेंशनर्स का लंबित 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि हाल ही में पंजाब सरकार द्वारा कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को डीए की दो किस्तें जारी की गई हैं। इसी तर्ज पर हिमाचल सरकार भी दिवाली से पहले कम से कम दो किस्तें जारी करे तथा उनके एरियर का भुगतान भी किया जाए।
वर्षों से लंबित हैं चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल
बैठक में पेंशनर्स के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। संघ के अनुसार विभिन्न विभागों में पेंशनर्स के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल दो से तीन वर्ष से लंबित हैं। संघ ने कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कई पेंशनर्स अपनी पेंशन से इलाज करवा रहे हैं, जबकि लाखों रुपये के चिकित्सा बिल प्रतिपूर्ति के लिए लंबित हैं। सरकार से विभागाध्यक्षों को पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाकर इन बिलों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई।
मेडिकल कॉलेज चंबा की खराब एक्स-रे मशीन को तुरंत ठीक करने की मांग
पेंशनर्स संघ ने मेडिकल कॉलेज चंबा की इमरजेंसी में स्थापित एक्स-रे मशीन के लंबे समय से खराब होने का मामला भी उठाया। संघ ने कहा कि मशीन खराब होने से दूसरी एक्स-रे मशीन पर दबाव बढ़ रहा है और मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। समय पर एक्स-रे सुविधा नहीं मिलने के कारण मरीजों को निजी लैब में जांच करवाकर अपनी जेब से खर्च करना पड़ रहा है। संघ ने सरकार एवं जिला प्रशासन से मशीन की तत्काल मरम्मत करवाने की मांग की।
बैठक में अध्यक्ष प्रेम सिंह बेदी, शैलेश राणा, शठाकुर सिंह, मुस्ताक मोहम्मद, सुबोध, करमचंद, पुन्नू राम, मान सिंह तथा महासचिव शिव चरण चंद्रा सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
— शिव चरण चंद्रा
महासचिव, हिमाचल आँचल पेंशनर्स संघ, ब्लॉक चंबा
#TRIBALLIVENEWS #Chamba #Pensioners #HimachalPradesh #PensionersAssociation #DA #MedicalCollegeChamba #ChambaNews
Chamba, Chamba | Oct 7, 2026