*चार नए श्रम कोड को लेकर एक दिवसीय जागरूकता-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित*
सीतामढ़ी। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के तत्वावधान में चार नए श्रम कोड के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उनके प्रावधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन डुमरा स्थित शांति नगर के संयुक्त श्रम भवन के सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, सहायक श्रमायुक्त सत्यप्रकाश एवं श्रम अधीक्षक रमाकांत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया|डीडीसी श्वेता भारती ने कहा कि श्रम कानूनों में किए गए नए प्रावधानों की जानकारी श्रमिकों, नियोजकों एवं संबंधित हितधारकों तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। इन श्रम संहिताओं का उद्देश्य श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना, उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं से इन प्रावधानों के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। सहायक श्रमायुक्त सत्यप्रकाश ने प्रशिक्षण सत्र में चारों नए श्रम कोड पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मजदूरी संहिता, 2019 के तहत न्यूनतम मजदूरी, समय पर वेतन भुगतान एवं समान पारिश्रमिक से संबंधित प्रावधानों को एकीकृत किया गया है। औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 के माध्यम से औद्योगिक विवादों के समाधान, श्रमिकों एवं नियोजकों के बीच बेहतर संबंध तथा औद्योगिक शांति को बढ़ावा देने के प्रावधान किए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के तहत संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने का प्रावधान है। वहीं, व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशाएं संहिता, 2020 के अंतर्गत श्रमिकों के लिए सुरक्षित कार्यस्थल, स्वास्थ्य सुविधाएं, कार्य के बेहतर वातावरण तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने से संबंधित प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। श्रम अधीक्षक रमाकांत ने कहा कि जिले के प्रत्येक पात्र श्रमिक तक चारों नए श्रम कोड के प्रावधानों की जानकारी पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए श्रम विभाग, विभिन्न प्रतिष्ठानों, श्रमिक संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जागरूकता के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित करेंगे कि श्रमिक इन प्रावधानों के तहत मिलने वाले अधिकारों एवं सुविधाओं का लाभ उठा सकें।प्रशिक्षण कार्यक्रम में एलईओ अभय कुमार, ज्योति सिंह, विशाल कुमार एवं पारिजात परिमल ने पीपीटी के माध्यम से चारों श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने श्रमिकों के अधिकार, नियोक्ताओं की जिम्मेदारियां, सामाजिक सुरक्षा, कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा तथा श्रम कानूनों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रतिभागियों की समझ विकसित की।
*चार नए श्रम कोड के प्रमुख लाभ*
मजदूरी संहिता, 2019: न्यूनतम मजदूरी का प्रावधान, समय पर वेतन भुगतान, समान कार्य के लिए समान पारिश्रमिक तथा मजदूरी से संबंधित प्रावधानों का सरलीकरण।
औद्योगिक संबंध संहिता, 2020: श्रमिकों एवं नियोजकों के बीच बेहतर औद्योगिक संबंध, औद्योगिक विवादों के समाधान की व्यवस्था तथा श्रमिकों के हितों की सुरक्षा।
सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020: पात्र श्रमिकों के लिए भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, मातृत्व लाभ, ग्रेच्युटी तथा असंगठित एवं गिग श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रावधान।
व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशाएं संहिता, 2020: सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्यस्थल, स्वच्छता, पेयजल, विश्राम सुविधाएं, कार्यस्थल पर सुरक्षा तथा श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित प्रावधान।
कार्यक्रम में यूनिसेफ व प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, ईएसआईसी के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अवधेश कुमार, विवेक राजदान, लेबर यूनियन से प्रेमचंद्र सिंह, दिलीप पाण्डेय, महेश झा, ईंट-भट्ठा संघ के जिला अध्यक्ष, विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि तथा एलईओ पंकज कुमार, गौतम कुमार एवं रविभूषण कुमार , अदिति-कवच परियोजना के कन्वर्जेंस विशेषज्ञ मनीष कुमार, प्रगति एक प्रयास की सुनीता कुमारी, कर्पूरी ठाकुर ग्रामीण विकास संस्थान के मंतोष कुमार एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की नोडल पदाधिकारी वंदना कुमारी, संतोष कुमार, रूबी कुमारी सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया।