आधार केंद्र पर विवाद के बाद युवक से मारपीट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में डॉक्टर दीक्षित के सामने स्थित आधार सेवा केंद्र पर शनिवार को एक विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक व्यक्ति दस्तावेजों को लेकर केंद्र के कर्मचारी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई और माहौल गर्मा गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद आधार केंद्र के बाहर मौजूद एक व्यक्ति ने संबंधित युवक के साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस आधार केंद्र पर आए दिन विवाद, कहासुनी और झगड़े जैसी घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने मांग की है कि आधार केंद्र पर भीड़ और विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस की नियमित निगरानी या सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।