डीएम ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, हिन्द स्टेडियम में खेल सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
सम्भल, 30 सितम्बर। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने बुधवार को सम्भल नगर क्षेत्र में पर्यटन विभाग एवं नगर विकास योजना के तहत कराए जा रहे विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले हिन्द स्टेडियम पहुंचकर वहां चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने ट्रैक, पाथवे, बैडमिंटन कोर्ट और वॉलीबॉल कोर्ट समेत अन्य खेल सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने स्टेडियम में लॉन्ग जंप, हाई जंप और ओपन जिम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए हाईमास्ट लाइट एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने स्टेडियम में ग्रास कटिंग मशीन उपलब्ध कराने, सिंथेटिक ट्रैक से संबंधित आवश्यक कार्य पूरे कराने तथा स्थायी सफाई कर्मचारी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं स्टेडियम स्थित पुस्तकालय में नियमित रूप से समाचार-पत्र उपलब्ध कराने के साथ उपयोगी एवं अच्छी पुस्तकों की संख्या बढ़ाने को भी कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सम्भल नई तहसील के निकट निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने ऑडिटोरियम में वॉल पेंटिंग कराने तथा सम्भल के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को दर्शाने वाली पेंटिंग लगवाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि परिसर को आकर्षक बनाने के साथ ही इसे आमजन के लिए उपयोगी बनाया जाए।
डीएम ने टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर तथा सम्भल के प्राचीन 68 तीर्थ एवं 19 महाकूपों में शामिल हंस तीर्थ में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरभ कुमार पाण्डेय, उप जिलाधिकारी सम्भल विकास चन्द्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सम्भल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।