*मीरी पीरी के मालिक श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज के प्रकाश पर्व पर सजाया महान नगर कीर्तन
पारंपरिक वेशभूषा में पंज प्यारों ने की महान नगर कीर्तन की अगुवाई
*महान नगर कीर्तन के दौरान भारी गिनती में संगत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के समक्ष हुई नतमस्तक
समागम में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के श्री अखंड पाठ साहिब की तीसरी लड़ी के पाए गए मध्य भोग
*धन धन साहिब श्री गुरु हरगोबिंद साहिब के शब्द से गूंजी धर्मनगरी
कुरुक्षेत्र, 29 जून/डॉ. राजेश वधवा/कुरूक्षेत्र खबरनामा/
मीरी पीरी के मालिक श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज के प्रकाश पर्व पर धर्मनगरी में महान नगर कीर्तन सजाया गया। श्री अकाल तख्त साहिब श्री अमृतसर साहिब के सृजनहार धन धन साहिब श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज के पवित्र चरण स्पर्श अस्थान ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी कुरुक्षेत्र से यह महान नगर कीर्तन आरंभ हुआ। दस गुरु साहिबान की ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की छत्रछाया में सजाए गए इस महान नगर कीर्तन की अगुवाई पारंपरिक वेशभूषा में पंज प्यारों ने की। जैसे ही महान नगर कीर्तन का शुभ आरंभ हुआ, तो दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, उतर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों से पहुंची हजारों की गिनती में संगत धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की पालकी साहिब के दर्शन करने के लिए उमड़ पड़ी। संगत ने जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की फूलों से सजी पालकी साहब के दर्शन किए वहीं उसमें विराजमान दस गुरु साहिबान की ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के समक्ष शीश भी नवाया। महान नगर कीर्तन का शुभ आरंभ गुरु चरणों में सरबत के भले की अरदास के साथ हुआ। इस शुभ अवसर पर हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झीडा, संयुक्त सचिव बलविंदर सिंह भिंडर, कार्यकारिणी सदस्य करनैल सिंह निम्नाबाद, कुलदीप सिंह मुल्तानी, मैंबर जत्थेदार बलदेव सिंह हाबड़ी, मैंबर हरमनप्रीत सिंह, मैंबर बीबी जसबीर कौर मसाना, मैंबर इंद्रजीत सिंह, मैंबर मोहनजीत सिंह पानीपत, रविन्द्र सिंह राणा, मैंबर गुरनाम सिंह लाडी डबरी, बीबी करतार कौर, भूपिंदर सिंह लाडी सौकड़ा सहित हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के एडिशनल सेक्रेटरी राजपाल सिंह दुनिया माजरा पीए, एडिशनल सेक्रेटरी नरेंद्र सिंह, एडिशनल सेक्रेटरी सतपाल सिंह डाचर,धर्म प्रचार विभाग के उप सचिव अमरिंदर सिंह, फ्लाइंग विभाग कर्मचारी जज सिंह, मैनेजर हरमीत सिंह, सहायक सुपरवाइजर रघुवीर और सुखजिंदर सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झीडा ने संगत से अपने बच्चों को गुरु इतिहास एवं गुरु साहिबान के जीवन के बारे में जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को सिख कौम के ऐतिहासिक स्थानों के दर्शन भी करवाने चाहिए, ताकि उन्हें बचपन में ही अपनी कौम के गौरवशाली इतिहास का ज्ञान हो सके।
मैंबर बीबी जसबीर कौर मसाना ने बताया कि प्रकाश उत्सव समागम में 30 जून को कीर्तन दरबार सजाया जाएगा, जिसमें श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर साहिब के हजूरी रागी भाई जोरा सिंह और भाई सिमरप्रीत सिंह संगत को शब्द कीर्तन से निहाल करेंगे। मैंबर हरमनप्रीत सिंह ने बताया कि कीर्तन दरबार में हरियाणा कमेटी के प्रसिद्ध कविशीरी भाई गुरमीत सिंह दनौली अपने साथियों सहित अपनी रचनाओं के माध्यम से गुरु साहिब के जीवन इतिहास सांझा करेंगे। मैंबर इंद्रजीत सिंह के मुताबिक कीर्तन दरबार में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रचारक भाई रणजीत सिंह और भाई सिमरनजीत सिंह कथा विचार करते हुए धन साहिब श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज के जीवन इतिहास के प्रसंग संगत से सांझा करेंगे।
इससे पहले प्रकाश उत्सव समागम के छठे दिन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के श्री अखंड पाठ साहिब की तीसरी लड़ी के मध्य भोग पाए गए। इस दौरान भी गुरु चरणों में अरदास की गई।
बॉक्स
अलग अलग स्थानों पर संगत ने महान नगर कीर्तन का अभिनंदन कर की सेवा
---------------------
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की छत्र छाया में सजाए गए महान नगर कीर्तन का शहर में कई स्थानों पर संगत ने अभिनंदन किया और पंज प्यारों को सिरोपा भेंट कर उनका सम्मान किया। यह महान नगर कीर्तन रेलवे रोड, कुटिया वाली गली, लाल सड़क, थानेसर बस स्टैंड, अम्बेडकर चौक, सीकरी चौंक, शास्त्री मार्किट, खालसा बेकरी और बिड़ला मंदिर से होते हुए देर शाम गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में सपन्न हुआ, जहां संगत रंग बिरंगी आतिशबाजी और पटाखों के साथ नगर कीर्तन का अभिनंदन किया। महान नगर कीर्तन के दौरान अनेक स्थानों पर शहर की संगत अलग अलग पकवानों और शीतल पेय पदार्थों के स्टाल लगा कर साथ चल रही संगत की सेवा की।
उधर संत महापुरुष बाबा अमरीक सिंह जी कार सेवा वालों की ओर से गुरुद्वारा साहिब में तरह-तरह के पकवानों का स्टाल लगाकर सेवा की गई।
Thanesar, Kurukshetra | Jun 29, 2026