शामली, उत्तर प्रदेश। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शामली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने पुलिस बल के साथ कांधला के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार भी मौजूद रहे।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, सक्रियता और ड्यूटी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नियमित पैदल गश्त और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
एसपी एनपी सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अफवाह फैलाकर या सामाजिक सौहार्द बिगाड़कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने और नागरिकों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए जागरूक करने को कहा।
शामली पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना देने की अपील भी की गई है।
NHP Bharat — सत्ता नहीं, सिर्फ सच्चाई के साथ।
.
.
.
.
#Shamli #ShamliPolice #Kandhla #NP Singh #UPPolice #FestivalSecurity #PolicePatrolling #LawAndOrder #UttarPradeshNews #NHPBharat
Fatehabad, Agra | Oct 18, 2026