समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 602, दिनांक 28.09.2026
*****************************
पोषण और अभिसरण कार्ययोजना को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
*****************************
राष्ट्रीय पोषण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में आज मंथन सभागार, शेखपुरा में जिला पोषण समिति सह जिला अभिसरण कार्य योजना की बैठक श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी, शेखपुरा की अध्यक्षता मे आयोजित की गई। बैठक का मुख्य फोकस “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” विषय के तहत विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पोषण सेवाओं को प्रभावी बनाना रहा।
बैठक में जिले की पोषण स्थिति, आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता, आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण एवं मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु पोषण तथा पोषण माह 2026 के दौरान संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों में बताया गया कि जिले में 718 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं। पोषण माह 2026 के तहत 24 सितंबर तक जिले में कुल 51,836 गतिविधियां आयोजित की जा चुकी थीं, जो निर्धारित लक्ष्य का 90.24 प्रतिशत है।
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की नियमित वजन माप, पूरक आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, मरम्मत एवं विद्यालय/अन्य सरकारी भवनों में स्थानांतरण से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिला अभिसरण कार्ययोजना के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, जीविका सहित संबंधित विभागों के बीच समन्वय के माध्यम से पोषण संबंधी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया गया।
बैठक में पोषण सेवाओं से जुड़े कार्यों एवं आंकड़ों की नियमित निगरानी, समयबद्ध डेटा प्रविष्टि तथा लापरवाही की स्थिति में संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने से संबंधित बिंदुओं पर भी जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा पोषण अभियान को जनभागीदारी से प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश के साथ बैठक का उद्देश्य जिले में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं प्रारंभिक बाल विकास से संबंधित सेवाओं को और मजबूत करते हुए कुपोषण मुक्त शेखपुरा की दिशा में ठोस कदम बढ़ाना रहा। इस अवसर पर पोषण सम्बन्धी शपथ भी दिलाई गई।
इससे पूर्व जिला पदाधिकारी महोदय ने समहरणालय परिसर में पोषण माह के अवसर पर बनाये गए पोषण परामर्श केंद्र का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सेविकाओं द्वारा इस अवसर पर मनमोहक रंगोली बनाया गया। साथ ही सामुदायिक स्तर पर आंगनवाड़ी केंद्र के संचालन में सहयोग करने वाले कई लोगों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा जहाँ स्वयं जिला पदाधिकारी महोदय ने सेल्फी ली। उन्होंने एक नौनिहाल को अन्नप्राशन भी कराया। बताते चले कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर सेवा अभियान के तहत दिनांक 29.09.2026 से 01.10.2026 तक आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक में सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच, अपर समाहर्ता सह भूअर्जन पदाधिकारी,अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सहित सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
ICDS Directorate Bihar
Samrat Choudhary
#samratchoudhary
#CMSamrat
1 views | Sheikhpura, Bihar | Sep 28, 2026