खुर्जा में OYO होटल पर पुलिस की छापेमारी, तीन युवतियों को पुलिस ने थाने पहुंचाया
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर में रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित एक OYO होटल में पुलिस ने देह व्यापार की सूचना पर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान होटल के कुछ कमरों में युवक-युवतियां मौजूद मिले। जांच के दौरान उनके होटल में प्रवेश की रजिस्टर में एंट्री नहीं होने की बात सामने आई। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को सकुशल बरामद कर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल में लगे CCTV कैमरों का DVR भी कब्जे में लिया है, जिसके जरिए पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं, होटल संचालक पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि युवतियों से पूछताछ और उनकी तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। होटल में मौजूद लोगों की भूमिका और होटल संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।