जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हरिश्चंद्र स्टेडियम का किया निरीक्षण, रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर आज जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने हरिश्चंद्र स्टेडियम, नवादा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर वॉच टावर स्थापित करने तथा स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों, वाहनों की पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएं, ताकि भीड़ का सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सके। रावण दहन कार्यक्रम की समाप्ति के बाद लोगों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित निकासी के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं, जिससे भीड़ का दबाव नहीं बढ़े और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे। इसके अतिरिक्त, निर्धारित स्थलों पर वाहनों की पार्किंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को निर्देश दिया कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर, प्रभारी गोपनीय शाखा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 19, 2026