मैहला (बंदला) के करेरी में युवा संवाद कार्यक्रम, ग्रामीणों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं; जल्द समाधान का मिला भरोसा
**युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं के साथ विभिन्न जनहित के मुद्दों पर हुआ विस्तृत मंथन, पूर्व में भटियात विधानसभा का हिस्सा रहे क्षेत्र के लोगों ने कुलदीप सिंह पठानिया के विकास कार्यों को किया याद**
**हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चंबा।**
ग्राम पंचायत बंदला (मैहला) के अंतर्गत आने वाले करेरी में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान करेरी और लौणा गांवों के स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
संवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर लोगों के विचारों और अनुभवों को जानने के साथ ही उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में आश्वासन दिया गया कि स्थानीय लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों को एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर के माध्यम से संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष उठाकर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही प्रयास रहेगा कि संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाकर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जा सके।
इस दौरान क्षेत्र के राजनीतिक और विकासात्मक इतिहास पर भी चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि विधानसभा क्षेत्रों के सीमांकन से पूर्व करेरी और आसपास का यह क्षेत्र भटियात विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हुआ करता था। उस समय वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे।
संवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने करीब 15 से 20 वर्ष बीत जाने के बावजूद कुलदीप सिंह पठानिया के कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों को याद किया। ग्रामीणों ने उनके द्वारा क्षेत्र में करवाए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज भी उनके योगदान को लोग सम्मान के साथ याद करते हैं।
कार्यक्रम में सचिन ठाकुर ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए यह बड़ी उपलब्धि है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी जनता उसे उसके कार्यों और विकास में दिए गए योगदान के लिए याद रखे। उन्होंने कुलदीप सिंह पठानिया के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें शत-शत नमन किया।
Dharwala, Chamba | Nov 22, 2026