ग्रामीणों को संपत्ति का मालिकाना हक दिलाने के लिए प्रदेशभर में होंगी 50 लाख निःशुल्क रजिस्ट्रियां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना के ग्राम करुआ से मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना का किया शुभारंभ, गांव में माध्यमिक स्कूल खोलने की घोषणा
अनोखा तीर, भोपाल/मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का पूरा कानूनी अधिकार दिलाने के लिए मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत प्रदेशभर में 50 लाख निःशुल्क रजिस्ट्रियां कराने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। इस योजना से वर्षों से अपने मकानों में रह रहे ग्रामीण परिवारों को अब संपत्ति के पंजीकृत दस्तावेज मिलेंगे, जिससे उन्हें बैंक से ऋण लेने और आर्थिक गतिविधियां शुरू करने में भी सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर मुरैना जिले के ग्राम करुआ में आयोजित स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और रिमोट का बटन दबाकर मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना की शुरुआत की। उन्होंने ग्राम करुआ के प्राथमिक विद्यालय का उन्नयन कर माध्यमिक विद्यालय बनाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के पास अपने मकानों के पक्के दस्तावेज नहीं होने के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मकान बनाने में लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद रजिस्टर्ड दस्तावेज नहीं होने से बैंक भी ऋण देने में कठिनाई महसूस करते थे। अब राज्य सरकार निःशुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिला रही है। उन्होंने इस अभियान में जुटे राजस्व विभाग के अधिकारियों, तहसीलदारों और पटवारियों के कार्यों की सराहना की।
संपत्ति के दस्तावेज से खुलेंगे आर्थिक उन्नति के रास्ते
मुख्यमंत्री ने कहा कि संपत्ति की रजिस्ट्री केवल मालिकाना हक का दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को मजबूत करने का माध्यम भी है। बच्चे पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर बनेंगे और अपना अस्पताल, नर्सिंग होम या व्यवसाय शुरू करना चाहेंगे, तो उन्हें बैंक से ऋण लेने में संपत्ति के दस्तावेज मददगार होंगे। जिन गांवों में 80 से 100 प्रतिशत तक रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं, वहां धनतेरस पर हितग्राहियों को दस्तावेज वितरित किए जा रहे हैं।
किसानों की आय बढ़ाने पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 25 गाय या भैंस खरीदने के लिए करीब 40 लाख रुपये का ऋण लेने वाले किसान को सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसान दुग्ध उत्पादन के माध्यम से भी आर्थिक रूप से समृद्ध बनें। उन्होंने दिन में सिंचाई के लिए बिजली, मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा, वृंदावन ग्राम और मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप व स्कूटी देने जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का आधार बनेगी योजना : खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का विधिवत मालिकाना हक दिलाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। वर्षों से मकानों में निवास कर रहे परिवारों को अब कानूनी दस्तावेज मिलेंगे। इससे उनके अधिकार मजबूत होंगे और वे नियमानुसार बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं से ऋण लेकर स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि संपत्ति का पंजीकृत दस्तावेज ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनेगा।
रजिस्ट्री मिलने पर हितग्राहियों ने जताई खुशी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने योजना के हितग्राहियों से संवाद किया। हितग्राही जगदीश यादव, रामचित कुशवाहा और राकेश बाथम ने बताया कि मकान की रजिस्ट्री होने से उन्हें कानूनी मालिकाना हक मिला है। अब वे जरूरत पड़ने पर संपत्ति के दस्तावेजों के आधार पर बैंक से ऋण भी प्राप्त कर सकेंगे। अन्य हितग्राहियों ने बताया कि रजिस्ट्री का पूरा खर्च सरकार ने उठाया है। हितग्राही अतर सिंह ने बताया कि उनकी करीब 89 हजार रुपये की रजिस्ट्री का खर्च भी शासन ने वहन किया है।
200 से अधिक रजिस्ट्री कराने वाले पटवारी सम्मानित
मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले तहसीलदारों और 200 से अधिक रजिस्ट्रियां कराने वाले पटवारियों को सम्मानित किया। सम्मानित तहसीलदारों में सबलगढ़ के रवीश भदौरिया और मुरैना ग्रामीण के घनश्याम शर्मा शामिल रहे। वहीं अंबाह, बानमोर और कैलारस तहसीलों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने पटवारियों से अभियान के अनुभव जाने और उनके समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, पूर्व विधायक रघुराज कंषाना, राकेश मावई सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Nov 7, 2026