#रांची में #दिल्ली के जंतर-मंतर जैसा छात्र आंदोलन: 10 दिनों से धरना जारी, 6 अगस्त को विधानसभा मार्च का ऐलान...
झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार 10वें दिन भी जारी है। जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर धरना दे रहे हैं और परीक्षाएं रद्द कर निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
आंदोलनकारियों ने मशाल जुलूस सहित कई शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच मंच ने 6 अगस्त को झारखंड विधानसभा मार्च का आह्वान किया है।
सरकार ने छात्रों से बातचीत के लिए एक समिति बनाने का निर्णय लिया है, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब तक सरकार का कोई प्रतिनिधि धरना स्थल पर उनसे मिलने नहीं पहुंचा है।
आंदोलन की खास बात यह है कि छात्रों ने राजनीतिक दलों की सीधी भागीदारी पर रोक लगा रखी है। उन्होंने अपने आंदोलन के लिए एक कोड ऑफ कंडक्ट भी बनाया है, जिसके तहत राजनीतिक, धार्मिक या जातीय बयानबाजी और व्यक्तिगत आरोपों से बचने का निर्णय लिया गया है।
इस बीच JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के नेता देवेंद्र महतो लगातार तीसरे दिन भी भूख हड़ताल पर बैठे रहे। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने आंदोलनरत छात्रों को अपना समर्थन दिया है और उनकी मांगों को जायज़ बताया है।
छात्रों का दावा है कि उन्हें बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात समेत कई राज्यों से समर्थन मिल रहा है। गुजरात और दिल्ली से ऑनलाइन भोजन भेजा जा रहा है, जबकि स्थानीय सामाजिक संस्थाएं भी भोजन और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग कर रही हैं।