इटावा-बरेली हाईवे पर दो पक्षों में जमकर झड़प, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
राजेपुर, फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर थाना राजेपुर क्षेत्र की सीमा के निकट पांचाल घाट और चाचूपुर के बीच दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर झड़प हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। झड़प के दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम जैसी स्थिति भी बन गई। उस समय सावन मेले के चलते मार्ग पर वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के लोग पांचाल घाट क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि दूसरा पक्ष थाना राजेपुर क्षेत्र के बदनपुर गांव का था। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सूचना मिलने पर पांचाल घाट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष थाना राजेपुर पहुंचे, जहां आपसी बातचीत के बाद समझौता हो गया।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प हुई थी। बाद में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।