➡️ मतदाता सूची में नाम जुड़वाने 7, 8 और 9 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप, फॉर्म-6 के साथ घोषणा-पत्र की अनिवार्यता खत्म
➡️ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के सख्त निर्देश: शून्य प्रगति वाले बीएलओ पर होगी कार्यवाही, ऑनलाइन आवेदन को
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के परिपालन में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 में छूटे हुए मतदाताओं, 1 अक्टूबर 2026 तक पात्र 18-19 आयु वर्ग के नवीन मतदाता तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले भावी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए चलाया जा रहा है। इसके तहत 7, 8 और 9 अक्टूबर 2026 को मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, ने जानकारी दी है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए अब प्रारूप-6 (फॉर्म-6) के साथ घोषणा पत्र प्रस्तुत करने की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है।
निर्देशानुसार बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों के अंतर्गत घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। स्कूल और कॉलेज के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के नाम जोड़ने के लिए https://voters.eci.gov.in तथा ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित करें।
➡️ फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को अब और अधिक सरल बना दिया गया है। अब प्रारूप-6 (फॉर्म-6) के साथ घोषणा पत्र प्रस्तुत करने की अनिवार्यता को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कड़े निर्देश दिए हैं कि सभी बीएलओ (BLO) को यह स्पष्ट कर दिया जाए कि वे किसी भी मतदाता से फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र न मांगें। यदि फॉर्म के साथ घोषणा पत्र संलग्न भी है, तो उसे भरने की आवश्यकता नहीं है।
➡️ लापरवाह बीएलओ पर होगी कार्यवाही
कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि पिछले 6 माह से क्षेत्र का भ्रमण नहीं करने वाले और शून्य (जीरो) प्रगति वाले बीएलओ पर तत्काल कार्यवाही की जाए। इसके अलावा सामग्री (स्टॉक) की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने विधानसभावार उन बूथों की जानकारी भी तलब की है, जहां फॉर्म-6 के माध्यम से एक भी नाम नहीं जोड़ा गया है (जीरो एडिशन)।
➡️ नागरिकों से अपील: ऑनलाइन आवेदन को प्राथमिकता दें
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य चेक करें। साथ ही, अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे लोगों को ऑनलाइन फॉर्म-6 भरने के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करें ताकि प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता आ सके।
#jansamparkMP #sagar