#आखिरी_पिकनिक_बना_झरना..
भरतपुर। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने दर्र बरहाना झरने पर आए युवक की नहाते समय पैर फिसलने पर डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आगरा के राजपुर चुंगी निवासी अजय और उसके दो दोस्तों संस्कार और नैतिक ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर दर्र बरहाना झरने की रील देखी थी। झरने की खूबसूरती से प्रभावित होकर तीनों ने यहां घूमने आने का कार्यक्रम बनाया। वे एक ही स्कूटी पर रविवार को सुबह करीब 10 बजे आगरा से निकले और दोपहर तक झरने पर पहुंच गए। दोपहर करीब 2 बजे तीनों दोस्त झरने के पास नहा रहे थे। इसी दौरान अजय का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसल गया। वह फिसलते हुए सीधे तालाब में जा गिरा और गहरे पानी में चला गया। साथियों ने तुरंत उसे पकड़ने और बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में गायब हो गया। गढ़ी बाजना थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। करीब 30 मिनट तक चले अभियान के बाद अजय का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। हेड कांस्टेबल सुजान सिंह ने बताया कि शव को बयाना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। अजय आगरा के एक निजी कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता विनोद किराना व्यवसाय से जुड़े हैं। चार भाइयों में अजय सबसे छोटा था। अचानक हुए हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है।