चिंतपूर्णी/भरवाईं। चिंतपूर्णी थाने में सेवाएं दे रहे सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार, जिन्हें क्षेत्र में लोग प्यार से ‘तेजा साहब’ के नाम से जानते थे, एक दर्दनाक सड़क हादसे में अपनी जान गंवा बैठे। देर रात भरवाईं-ज्वालामुखी मार्ग पर ट्रैफिक जाम खुलवाते समय दो बसों की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी पहुंचाया गया, जहां कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग, स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जाम खुलवाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, देर रात भरवाईं से ज्वालामुखी जाने वाले मार्ग पर जाम लगा हुआ था। राजेश कुमार अपने क्वार्टर से कुछ ही दूरी पर लगे जाम को खुलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक बस ज्वालाजी की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस मुबारकपुर की तरफ आ रही थी। मोड़ पर दोनों बसों के कारण यातायात बाधित था। राजेश कुमार बसों को आगे-पीछे करवाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास कर रहे थे, तभी वह बस की चपेट में आकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब
आज दोपहर पोस्टमार्टम के बाद सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार के पार्थिव शरीर को चिंतपूर्णी थाना के समीप श्रद्धांजलि देने के लिए कुछ समय तक रखा गया। इस दौरान चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर, डीएसपी अनिल पटियाल, भरवाईं के नायब तहसीलदार पवन कुमार, चिंतपूर्णी थाना प्रभारी सचित कालिया, जिला कांगड़ा के एसएचओ मोईन, थाना प्रभारी संजीव कुमार, डॉ. केशव रतन सहित पुलिस कर्मियों, स्थानीय व्यापारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जब उनका पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के दौरान कुछ समय के लिए दुर्वाही पुलिस थाने में रुका, तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। चिंतपूर्णी पुलिस की महिला टीम ने अपने साथी अधिकारी को भावभीनी सलामी दी। यह दृश्य हर किसी को भावुक कर गया।
ईमानदारी और मिलनसार स्वभाव से बनाई पहचान
सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को भले ही उनके आधिकारिक नाम से कम लोग जानते हों, लेकिन ‘तेजा साहब’ के नाम से वह चिंतपूर्णी और भरवाईं क्षेत्र में खास पहचान रखते थे। ईमानदार, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में उन्होंने लोगों के दिलों में जगह बनाई थी। ड्यूटी निभाते हुए उनका इस तरह दुनिया से चले जाना पुलिस विभाग और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
उनके निधन पर हर आंख नम है और लोग उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। राजेश कुमार अब प्रभु के चरणों में लीन हो गए हैं, लेकिन उनकी सेवाएं और यादें क्षेत्रवासियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।
चिंतपूर्णी में भागवत कथा का शुभारंभ
इसी बीच चिंतपूर्णी में कल से स्वामी स्वयंनंद प्राचार्य जी के सान्निध्य में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन शुरू होगा। आज भरवाईं क्षेत्र से शोभायात्रा निकाली गई, जो भागवत कथा पंडाल तक पहुंची। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।