संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत का पक्ष रखकर नीमच लौटे राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) में भारत का पक्ष मजबूती से रखकर नीमच लौटे राज्यसभा सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ नेता बंशीलाल गुर्जर का क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और आम जनता द्वारा भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। अमेरिका प्रवास से लौटने के बाद नीमच में पत्रकारों से चर्चा करते हुए सांसद बंशीलाल गुर्जर ने संयुक्त राष्ट्र संघ के अपने अनुभवों को साझा किया और इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए देश के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
विश्व पटल पर गूंजी भारत की आवाज
मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा:
"माननीय प्रधानमंत्री जी ने अवसर दिया कि न्यूयॉर्क में जाकर के और संयुक्त राष्ट्र संघ में हमने भारत की बात रखी है। निश्चित ही भारत का गौरव बढ़े, उसके लिए संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत के प्रतिनिधि बहुत अच्छे तरीके से काम कर रहे हैं। और यह अवसर हमें भी मिला, तो हमने वहां जाकर के और भारत का पक्ष रखने का काम किया।"
8 दलों के 15 सांसदों ने एकजुट होकर रखा देश का पक्ष
प्रतिनिधिमंडल की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि:
"15 सदस्यीय हमारा प्रतिनिधिमंडल था और उस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जो है वो हमारे प्रफुल्ल पटेल सांसद, एनसीपी कर रहे थे। आठ पार्टियों के 15 सांसद थे और सभी ने मजबूती के साथ भारत का पक्ष वहां रखा। निश्चित ही भारत विश्व में एक ताकतवर देश के रूप में उभर रहा है। मैं माननीय प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने यह अवसर हमको प्रदान किया।"
जनता के अपार स्नेह और आशीर्वाद पर जताया आभार
जब पत्रकारों द्वारा सवाल किया गया कि 'नीमच आप आए उसके बाद जिस तरह का माहौल देखने को मिल रहा है, उस पर क्या कहेंगे, लोगों के प्यार और स्नेह को लेकर?', तो सांसद बंशीलाल गुर्जर ने विनम्रतापूर्वक कहा:
"लोगों का प्यार और आशीर्वाद हमेशा से मिलता है। आज भी लोगों का प्यार और आशीर्वाद मिला, उसके लिए मैं सभी साथियों को धन्यवाद देता हूँ।"
नीमच आगमन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने पुष्पमालाओं से सांसद महोदय का जोरदार स्वागत किया।