सेक्टर-9 में इको वन का उद्घाटन, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
फरीदाबाद Rakesh Kumar सेक्टर-9 में रोटरी क्लब फरीदाबाद एवं प्रोत्साहन चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से तैयार की गई इको वैन का उद्घाटन वार्ड-37 के पार्षद मुकेश अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें लाल चंदन, सफेद चंदन और त्रिवेणी के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब फरीदाबाद के प्रधान सुधीर चौधरी, डॉ. राकेश गुप्ता, प्रोत्साहन चैरिटेबल ट्रस्ट की प्रधान रेखा जिंदल, नम्रता मित्तल, आरडब्ल्यूए के प्रधान रणबीर चौधरी, महासचिव सतवीर शर्मा, आर.के. केसवानी, राजकुमार सिंगला और बसंत तेवतिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रोटरी क्लब के प्रधान सुधीर चौधरी ने कहा कि इको वन के संचालन के साथ-साथ उसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी रोटरी क्लब द्वारा निभाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें विकसित करने का भी प्रयास किया जाएगा।
पार्षद मुकेश अग्रवाल ने कहा कि इको वन के माध्यम से क्षेत्रवासियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण बनाए रखने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।