जामपुर सेवा समिति द्वारा हड्डी जांच शिविर आयोजित, 69 मरीजों ने उठाया स्वास्थ्य लाभ
हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए कैल्शियम व विटामिन-डी के साथ समय पर जांच आवश्यक : विनोद मिर्ग
भिवानी, 31 अगस्त : कृष्णा कॉलोनी स्थित डॉ. विद्या सागर चैरिटेबल अस्पताल में सोमवार को हड्डी जांच जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। हर माह के अंतिम सोमवार को आयोजित होने वाले इस नियमित शिविर की श्रृंखला में इस बार कुल 69 मरीजों के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई। इस दौरान मरीजों को आधुनिक मशीनों के माध्यम से हड्डियों की संपूर्ण जांच और फिब्रो स्कैन विधि द्वारा लिवर जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर का शुभारंभ जामपुर सेवा समिति के महासचिव विनोद मिर्ग और गुरुग्राम के प्रसिद्ध कल्याणी अस्पताल से आए वरिष्ठ चिकित्सक डा. विक्रांत खन्ना ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। डा. विक्रांत खन्ना ने शिविर में मुख्य चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दीं और आए हुए सभी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया। इस अवसर पर उपस्थित जामपुर सेवा समिति के प्रधान गोपाल कृष्ण पोपली और महासचिव विनोद मिर्ग ने कहा कि हड्डियां और जोड़ ही हमारे शरीर का मुख्य आधार हैं, इसलिए हमें इनका विशेष ध्यान रखना चाहिए। 35 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक व्यक्ति को अपनी हड्डियों की नियमित जांच करवाते रहना चाहिए। यदि किसी को चोट लगती है या जोड़ों व मांसपेशियों में लगातार दर्द रहता है, तो बिना देरी किए तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। बढ़ती उम्र के साथ हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए कैल्शियम और विटामिन-डी अत्यंत आवश्यक होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि हर माह के आखिरी सोमवार को इस शिविर का आयोजन करने का हमारा मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इस तरह के आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बहुत बड़ा संबल और लाभ मिलता है। इस अवसर पर सुरेश कुमार गाड्डी (शीलम), राजकुमार जावा, महेंद्र हंस, बालकिशन सनेजा, रविंद्र अघी, प्रेम धमीजा, संजय धमीजा, श्याम मिर्ग सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।