अरवल में सामाजिक न्याय आंदोलन का पहला जिला सम्मेलन संपन्न, 31 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित
अरवल, 11 अक्टूबर 2026।
सामाजिक न्याय आंदोलन (बिहार) का पहला अरवल जिला सम्मेलन रविवार को “सामाजिक न्याय नहीं आधा-अधूरा, लड़कर लेंगे पूरा-पूरा” के नारों के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता राजनारायण चौधरी ने की। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, जाति जनगणना, आरक्षण, बेरोजगारी, भूमि सुधार और लोकतंत्र की रक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
आंदोलन के राज्य सचिव सुबोध यादव ने उद्घाटन वक्तव्य में कहा कि यह सम्मेलन सामाजिक परिवर्तन और मुक्ति संघर्ष की ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है। वहीं, संयोजक रिंकु यादव ने फुले, आंबेडकर, पेरियार, भगत सिंह और जगदेव प्रसाद के विचारों को सामाजिक समानता की लड़ाई के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवाओं से बेरोजगारी, महंगाई और अन्याय के विरुद्ध संगठित होने का आह्वान किया।
पटना विश्वविद्यालय के शोधार्थी अंबुज पटेल ने बिहार जाति आधारित गणना के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए पिछड़े, अत्यंत पिछड़े, दलित और आदिवासी समुदायों की आर्थिक बदहाली तथा भूमिहीनता पर चिंता जताई। भाकपा-माले नेता कुमार परवेज और भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष अमर ज्योति ने आरक्षण, पारदर्शी जाति जनगणना, रोजगार, समान शिक्षा और चुनाव आयोग की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने सरकारी विभागों के रिक्त पदों को भरने, भूमिहीन गरीबों को जमीन देने तथा आशा, आंगनबाड़ी और रसोइया कर्मियों को उचित वेतन एवं स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग भी की।
सम्मेलन में राजनारायण चौधरी को जिला अध्यक्ष, बैजू कुमार को सचिव और सद्दाम हुसैन को कोषाध्यक्ष चुना गया। साथ ही 31 सदस्यीय कार्यकारिणी तथा 51 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार और विकास कुमार ने किया। सम्मेलन में सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
प्रस्तुति: सामाजिक न्याय आंदोलन (बिहार)
Arwal, Arwal | Oct 11, 2026