प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय ,जमुई
24 जुलाई 2026
शीर्षक: जमुई में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी पहल, जल्द खुलेगा ‘जीविका दीदी हाट’, तैयारी तेज।
जमुई: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जीविका के संयुक्त प्रयासों के तहत जल्द ही जमुई सदर प्रखंड के झाझा बस स्टैंड स्थित एसजीएसवाई भवन में जीविका दीदी हाट का शुभारंभ किया जाएगा। स्वाभिमान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड द्वारा संचालित होने वाले इस हाट के खुलने से लगभग 20 से 25 जीविका दीदियों को प्रत्यक्ष रूप से स्वरोजगार का अवसर प्राप्त होगा।
जीविका दीदी हाट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं द्वारा उत्पादित सामग्रियों को स्थानीय स्तर पर एक सुव्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराना है। इस हाट परिसर में उपभोक्ताओं को ताजी सब्जियां, फल, किराना, डेयरी उत्पाद, मछली-मांस, जन औषधि, स्टेशनरी, सिलाई, श्रृंगार सामग्री और कृषि उत्पादों के साथ-साथ दैनिक उपयोग की अन्य शुद्ध एवं पौष्टिक वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। हाट के व्यवस्थित संचालन, सुरक्षा, स्वच्छता और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए एक पांच सदस्यीय प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। दुकान आवंटन की प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने हेतु लॉटरी प्रणाली अपनाई जाएगी।
इसी क्रम में हाट के सफल क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को जीविका जिला कार्यालय स्थित किसान प्रशिक्षण सह सूचना केंद्र में एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य स्तरीय टीम द्वारा जीविका दीदियों एवं अधिकारियों को हाट संचालन की कार्यप्रणाली, दुकान प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन, ग्राहक सेवा, स्वच्छता और गुणवत्ता नियंत्रण के विविध पहलुओं पर गहन प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें स्वाभिमान संकुल संघ की दीदियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय कुमार ने बताया कि हाट के लिए झाझा बस स्टैंड स्थित भवन का भौतिक निरीक्षण पूर्व में ही सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जमुई जिले में इस हाट की शुरुआत से न केवल महिलाओं का सामाजिक एवं आर्थिक जीवन समृद्ध होगा, बल्कि स्थानीय उत्पादों को एक स्थायी पहचान और बेहतर बाजार भी मिल सकेगा।
#Jeevika #Jeevikajamui #jamui #jamuinews Information & Public Relations Department, Government of Bihar General Administration Department, Govt. of Bihar
Jamui, Bihar | Jul 24, 2026