ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का दौरा; पर्यावरण संरक्षण के लिए किया पौधरोपण
दरा स्थित किशोर सागर तालाब लव कुश वाटिका में रोपे पौधे, आमजन से की पर्यावरण बचाने की अपील
दरा/ कनवास।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सांगोद विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान दरा स्थित किशोर सागर तालाब और लव कुश वाटिका का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरितिमा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाटिका परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने वाटिका में ही लोगों से अभाव अभियोग सुने और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने उपस्थित जनसमूह और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे न केवल हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने हर नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री नागर के साथ कोटा जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल और प्रधान जयवीर सिंह अमृत कुआं भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी इस दौरान पौधरोपण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और क्षेत्र के विकास व पर्यावरण को समृद्ध बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और भारी संख्या में ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
Sangod, Kota | Jun 20, 2026