दुबई के क्राउन प्रिंस ने अस्पताल पहुंचकर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर से की मुलाकात, बताया - साहस और समर्पण का प्रतीक।
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने शनिवार को अबू धाबी के अस्पताल में फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कैप्टन माछर की असाधारण बहादुरी और पेशेवर कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की।
शेख हमदान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा - "कैप्टन स्मित माछर ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति चिंता के उच्चतम स्तर का प्रदर्शन किया। हमारी ओर से और देश के नेतृत्व की ओर से उन्हें पूर्ण सराहना और प्रशंसा। हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं। वह हमारे राष्ट्र की कहानी का हिस्सा हैं।"उन्होंने उन्हें करुणा, शांति और जीवन का राष्ट्र का प्रतीक बताया।
*क्या हुआ था फ्लाइट में?*
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। बोइंग 737 MAX 8 में 174 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान ओमानी सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में रखी क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से कैप्टन स्मित पर हमला कर दिया और विमान पर कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान विमान 14,000 से 17,000 फीट तक नीचे आ गया।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने खून से लथपथ हालत में कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया और मदद के लिए पुकारा। इसके बाद क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने अंदर आकर हमलावर को काबू किया। रिजर्व क्रू ने विमान को संभालकर सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया।
UAE के अटॉर्नी जनरल ने शनिवार को बताया कि जांच में यह आतंकवादी कृत्य करने का प्रयास पाया गया है। मामले की जांच जारी है।
कैप्टन स्मित माछर 39 वर्षीय भारतीय हैं और दो बच्चों के पिता हैं। वह अब अबू धाबी में उत्कृष्ट चिकित्सा देखभाल में हैं और तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। भारतीय दूतावास ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित की बहादुरी को सलाम किया था। नेतन्याहू ने कहा था कि उन्होंने 9/11 जैसी त्रासदी को रोक दिया।
यह मुलाकात न केवल कैप्टन स्मित माछर के लिए सम्मान का क्षण बनी, बल्कि पूरे भारतीय समुदाय के लिए गर्व का विषय बन गई।