*मध्यप्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट*
सतना/मैहर। मध्यप्रदेश के कई जिलों में आगामी 24 घंटों के दौरान भारी से अति भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए राहत आयुक्त, मध्यप्रदेश द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी 7 जुलाई 2026 की सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
जारी वायरलेस संदेश के अनुसार नर्मदापुरम, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, मैहर एवं पांढुर्णा जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा (115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक) होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है।
इसके अलावा रायसेन, राजगढ़, बैतूल, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, देवास, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, दतिया, भिंड, सिंगरौली, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला एवं बालाघाट जिलों में भी भारी वर्षा (64.5 मिमी से 115.5 मिमी) के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली एवं तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है।
राहत आयुक्त कार्यालय ने सभी संबंधित कलेक्टरों एवं संभागीय आयुक्तों को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस वायरलेस के माध्यम से संदेश का त्वरित प्रसारण सुनिश्चित किया गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों में जाने से परहेज करें।