अभियान का मूल उद्देश्य यही है कि सरकार की योजनाएं का लाभ धरातल पर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे- प्रभारी मंत्री श्री परमार
==
अधिकारी-कर्मचारी स्वयं फील्ड में पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनेंगे और उनके निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई करेंगे- राज्यमंत्री श्री लोधी
==
पात्र हितग्राही योजनाओ के लाभ से वंचित न रहे, यही अभियान का उद्देश्य- कलेक्टर श्री यादव
==
जनविश्वास को सिद्ध और सार्थक बनाने के उद्देश्य से जनविश्वास अभियान की शुरुआत की गई है- श्री शिवहरे
==
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत् जबेरा में संवाद, समाधान, संवेदनशीलता,सादगी के साथ कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ, हितलाभ का वितरण किया गया
==
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश में संचालित ‘जन विश्वास अभियान’ के माध्यम से शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के तहत केवल सर्वे अथवा जानकारी एकत्रित करने तक सीमित न रहते हुए पात्र लोगों तक पहुंचकर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने और समस्याओं का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। इस आशय के विचार प्रदेश के के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, आयुष विभाग एवं दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने मंगल भवन, जबेरा में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियानके तहत आयोजित गरिमामय जनसंवाद कार्यक्रम में व्यक्त किए।
प्रभारी मंत्री श्री परमार ने कहा इतने लंबे समय तक चलने वाला अभियान पहले कभी नहीं चला है। इसके पीछे मुख्य भावना लोक कल्याण की है। हर शुक्रवार को प्रशासनिक अमला ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद करेगा और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में कार्रवाई करेगा। जमीन से संबंधित नामांतरण, बंटवारा, अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व मामलों के निराकरण को भी अभियान में शामिल किया गया है।
उन्होने कहा ‘जन विश्वास अभियान’ के दौरान गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और नल-जल योजना की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। यह देखा जाएगा कि नल-जल योजना का कार्य पूर्ण हुआ है अथवा नहीं और यदि कार्य पूर्ण होने में समय लग रहा है तो तब तक ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं। इसी प्रकार आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, साफ-सफाई, संचालन और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, व्यवस्थाओं और आवश्यक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को भी अभियान के दायरे में शामिल किया गया है।
गांवों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सिविल अस्पतालों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया जाएगा। इन स्वास्थ्य संस्थाओं को जनता के लिए अधिक उपयोगी, सुदृढ़ और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कमियों को चिन्हित कर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन द्वारा बनाई गई योजनाओं और व्यवस्थाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए भोपाल से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारी भी मैदानी क्षेत्रों में जाकर जनता के साथ संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा ‘जन विश्वास अभियान’ के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी जा रही है। अभियान के दौरान अधिकारियों द्वारा गांव में रुककर स्थानीय समस्याओं को समझने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भावना के अनुरूप अभियान का मूल उद्देश्य यही है कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ धरातल पर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हो।
प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मेस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा जबेरा विधानसभा क्षेत्र से प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ हुआ। यह प्रसन्नता का विषय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप अब अधिकारी-कर्मचारी स्वयं फील्ड में पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनेंगे और उनके निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के फील्ड में रहने का दिन निर्धारित किया है। इस दिन अधिकारी-कर्मचारी आमजन से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनेंगे तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री ने शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए हैं।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान जनवरी 2027 तक चलेगा। यह अपने आप में एक व्यापक और वृहद अभियान है, जिसका उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को और मजबूत करना तथा लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा जनता की किसी भी प्रकार की समस्या हो, उसके समाधान के लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य करेगी।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कार्यालयों में बैठकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति तक नहीं पहुंचा जा सकता, इसके लिए अधिकारियों को स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद करना होगा। उन्होने कहा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करेंगे और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा जन विश्वास अभियान के चार प्रमुख स्तंभ- संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी हैं। इन चारों स्तंभों के आधार पर प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होने कहा पात्र हितग्राहियो को शासन की जनकल्याण योजनाओं का लाभ मिले यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
श्याम शिवहरे ने कहा जनविश्वास को सिद्ध और सार्थक बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनविश्वास अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के पहले ही दिन जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार की उपस्थिति को उन्होंने प्रसन्नता का विषय बताया। उन्होंने कहा प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ जनविश्वास अभियान का शुभारंभ हुआ है। अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन से संवाद किया जा रहा है तथा क्षेत्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
श्री शिवहरे ने कहा भ्रमण के दौरान सड़क, नाली, पेयजल, भूमि के पट्टे सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की स्थिति देखी जा रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है अथवा नहीं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत जबेरा में मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना अंतर्गत मृतक के परिवारजन रामप्रसाद मिश्रा, लक्ष्मी अहिरवार, लल्लन बाई, सुलोचना गोंड इन सभी को दो-दो लाख रुपए की राशि स्वीकृति पत्र दिये गये। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रेम बाई, संतोष सेन, कुसुम रानी, निजाम, मुकेश सेन निवासी हिनौती खेत सिंह को आवास हेतु 120000 की राशि स्वीकृति पत्र दिये गये। लाडली लक्ष्मी योजना में लाभान्वित बालिका पूर्वी यादव, आरवि यादव, रूही कोरी, नियति मेहरा, भारती धनगर निवासी जबेरा। वृद्धा पेंशन हितलाभ आशा रानी राय, भगवान दास राय निवासी कौंरता, कुसुम रानी धनगर निवासी मुडेरी, पर्वत गोंड निवासी दुगानी, कालीचरण घोषी निवासी जबेरा। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिक्षक अजय सिंघई व जुगल शर्मा के द्वारा किया गया।