सतना प्रवास पर पहुंचे अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष
जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने की भेंट
----
सतना 23 जून 2026/मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव 23 से 25 जून 2026 तक सतना जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को सायं सतना पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस सतना में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों तथा पदाधिकारियों से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की।
*अध्यक्ष 24 जून को विभिन्न विभागों से संबंधित लेंगे बैठक*
प्रवास के दूसरे दिन अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. जाटव द्वारा 24 जून को प्रातः 10.30 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सतना में जिले के सभी विभागों एवं बैंकों की योजनाओं की समीक्षा बैठक ली जाएगी। जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग के विरुद्ध अपराधों की स्थिति पर चर्चा की जाएगी। अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. जाटव द्वारा दोपहर 3 बजे जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत की विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे तथा सायं 5 बजे नगर निगम कार्यालय सतना में नगरीय निकायों की योजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
*अनुसूचित जाति बस्ती और छात्रावास का करेंगे औचक निरीक्षण*
प्रवास के तीसरे दिन 25 जून को अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. जाटव प्रातः 10 बजे अनुसूचित जाति बस्तियों का औचक निरीक्षण, दोपहर 12 बजे स्थानीय आडिटोरियम जिला पंचायत के सभागार में अनुसूचित जाति वर्ग से सामाजिक संवाद तथा सामाजिक एवं धार्मिक बुद्धिजीवियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष द्वारा दोपहर 12 बजे अनुसूचित जाति छात्रावास का निरीक्षण करने के पश्चात दोपहर 3 बजे जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
#JansamparkMP
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav