देवास। शहर के मध्य स्थित शुक्रवारिया हाट बाजार और ऐतिहासिक जीवाजी राव टॉवर के आसपास लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर नगर निगम सभापति रवि जैन ने चिंता व्यक्त की है। हेलो देवास से विशेष चर्चा में उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर वे तीन बार नगर निगम आयुक्त को अवगत करा चुके हैं और एक बार उनके साथ मौके का निरीक्षण भी कर चुके हैं, लेकिन पुलिस बल की उपलब्धता नहीं होने के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
सभापति ने बताया कि वर्तमान में एमजी रोड चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। ऐसे समय में एमजी रोड से जुड़े वैकल्पिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करना बेहद आवश्यक है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने विशेष रूप से शुक्रवारिया हाट से एबी रोड और लालगेट तक के मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमणग्रस्त बताते हुए कहा कि यहां तक कि नगर निगम की पार्किंग और निगम मार्केट भी अतिक्रमण की चपेट में हैं।
रवि जैन ने कहा कि उन्होंने इस विषय पर जनप्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की है और अब एक बार फिर नगर निगम आयुक्त से चर्चा कर शुक्रवारिया हाट, मस्जिद क्षेत्र और एमजी रोड से जुड़े मार्गों पर अस्थायी अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कराने का प्रयास करेंगे।
त्योहारों के सीजन को लेकर उन्होंने कहा कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ती है, इसलिए उससे पहले यातायात व्यवस्था बेहतर बनाना आवश्यक है। उन्होंने जानकारी दी कि जनता बैंक से सायाजी द्वार तक नालों और सीवरेज लाइन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कई स्थानों पर अंडरग्राउंड केबल भी डाली जा चुकी हैं।
सभापति के अनुसार नगर निगम का लक्ष्य आगामी दिनों में जनता बैंक से सुभाष चौक तक सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण पूरा करना है। उन्होंने व्यापारियों द्वारा निर्माण कार्य के दौरान दिखाई गई सहनशीलता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि थोड़े समय की परेशानी के बाद एमजी रोड का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और इसका लाभ आने वाले वर्षों तक शहर के व्यापार और यातायात को मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्य पूर्ण होने के बाद एमजी रोड का व्यापार फिर से नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा और देवास एक अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और विकसित शहर के रूप में सामने आएगा।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewas