राजापुर के अतरौली माफी में चकबंदी प्रक्रिया पर किसानों ने उठाए सवाल अनियमितताओं की शिकायत लेकर पहुंचे डीएम कार्यालय
चित्रकूट जिले के राजापुर के ग्राम अतरौली माफी में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों और किसानों ने चकबंदी विभाग पर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है.और आज बुधवार की सुबह 11 बजे किसानों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर चकबंदी प्रक्रिया को किसान हित में पारदर्शी तरीके से कराने और संबंधित अधिकारियों से लिखित आश्वासन दिलाने की मांग की है.
किसानों का आरोप है कि चकबंदी के मूल उद्देश्य के विपरीत प्रक्रिया अपनाई जा रही है. किसानों के मुताबिक ग्राम समिति (चकबंदी) के सदस्यों की सहमति के बिना मालियत लगाए जाने की शिकायत सामने आई है. उनका कहना है कि चकबंदी का उद्देश्य किसानों की अलग-अलग जगह बिखरी जमीन को एक स्थान पर चक के रूप में व्यवस्थित करना है, लेकिन वर्तमान प्रक्रिया में इस उद्देश्य की अनदेखी की जा रही है.
शिकायती पत्र में कहा गया है कि नियमानुसार छोटे-बड़े गाटों को मिलाकर चक तैयार किया जाना चाहिए. इसके विपरीत छोटे गाटों को अचक किए जाने और गाटों की मालियत लगाकर चक बनाए जाने की बात कही गई है,किसानों ने सड़क किनारे की जमीन, तालाब,बाग और आबादी से जुड़ी जमीनों को भी नियमानुसार अचक रखने की मांग की है.
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर चकबंदी प्रक्रिया में सुधार कराने की मांग की है. साथ ही बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी से लिखित आश्वासन दिलाने की मांग की गई है। किसानों का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे चकबंदी प्रक्रिया का विरोध करने के लिए मजबूर होंगे.