Big breaking news
₹10,000 की झूठी लूट की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
जनपद अलीगढ़ (थाना गोण्डा) दिनांक: 14 जून 2026
अलीगढ़। थाना गोण्डा क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस को गुमराह करने और दुश्मनी निकालने के लिए लूट की झूठी सूचना देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ मामले का पर्दाफाश किया, बल्कि झूठी सूचना देने वाले आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
क्या था मामला?
आज दोपहर करीब 12:00 बजे नीरज नाम के एक कॉलर ने 'डायल 112' पर पुलिस को सूचना दी कि 4 अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उससे ₹10,000 छीन लिए। लूट की खबर मिलते ही थाना गोण्डा पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शुरुआती पूछताछ में कॉलर नीरज ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी सत्यप्रकाश के साथ गोण्डा से कूलर खरीदने जा रहा था, तभी डिगसारी के पास बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी और शराब ठेके ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने रूट के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच करते हुए पुलिस टीम थाना खैर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 'ठेका उसरम देशी शराब' पर पहुंची। वहां के शराब विक्रेता महावीर सिंह से पूछताछ की गई।
शराब विक्रेता महावीर ने कॉलर नीरज को पहचान लिया और असली कहानी बयां की। उसने बताया कि नीरज और उसका साथी ठेके पर दो पव्वे शराब (कीमत ₹160) खरीदने आए थे। नीरज ने उसे ₹170 दिए, जिसमें से ₹20 का एक नोट फटा हुआ था। जब विक्रेता ने नोट बदलने को कहा, तो नीरज के पास और पैसे नहीं थे, जिसके बाद वे दोनों वहां से चले गए।
बदला लेने के लिए रची साजिश
जब पुलिस ने बयानों में अंतर देखा और नीरज से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। नीरज ने माना कि शराब ठेके वालों से उसकी कहासुनी हो गई थी। इसी का बदला लेने और उन्हें फंसाने के लिए उसने पुलिस को ₹10,000 की झूठी लूट की मनगढ़ंत कहानी सुनाई थी।
पुलिस को गुमराह करने के आरोप में आरोपी अजय (नीरज) के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
श्री बालेन्द्र सिंह (SHO, थाना गोण्डा, जनपद अलीगढ़)
श्री अभिनव तोमर (उ0नि0, थाना गोण्डा, जनपद अलीगढ़)
मनीष तोमर (का0, थाना गोण्डा, जनपद अलीगढ़)
Koil, Aligarh | Jun 15, 2026