#भरतपुर। भुसावर थाना परिसर में नवनियुक्त सीओ नीरज भारद्वाज की मुख्य उपस्थिति और थानाधिकारी रामदयाल मीणा की मौजूदगी में सीएलजी सदस्यों, सुरक्षा सखियों और पुलिस मित्रों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीओ नीरज भारद्वाज ने सभी सदस्यों से परिचय लेकर क्षेत्र की कानून व्यवस्था की जानकारी ली और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिनमें गांवों में गश्त बढ़ाने, तेज रफ्तार व ओवरलोड वाहनों पर लगाम लगाने, अवैध शराब बिक्री, केबल चोरी, सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई और भुसावर हाट बाजार से अतिक्रमण हटाने जैसी मांगें शामिल थीं। अधिकारियों ने इन सभी समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही, सीओ ने आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, साइबर ठगी के प्रति जागरूक रहने और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाने की बात कही।