21वीं सदी कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक #57news
नांगलशेरपुर।करौली
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नांगल पहाड़ी में 21वीं सदी कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा, अधिकारों तथा सामाजिक जागरूकता को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बालघाट थाना प्रभारी मंजू फौजदार ने विद्यार्थियों को बालिका संरक्षण, लैंगिक समानता, यातायात सुरक्षा, साइबर सिक्योरिटी, पॉक्सो एक्ट एवं बाल अधिकारों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।थाना प्रभारी ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा व्यक्तिगत जानकारी एवं पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने के लिए भी प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के महत्व के बारे में बताया। साथ ही पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों एवं बच्चों के साथ किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 सहित आवश्यक सहायता एवं शिकायत तंत्र की जानकारी दी गई। बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय परिवार की ओर से थाना प्रभार मंजू फौजदार का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य ब्रजलाल वैरवा,वरिष्ट अध्यापक रामप्रसाद मीना सहित विद्यालय प्रशासन ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा, समानता, जिम्मेदारी एवं डिजिटल जागरूकता की भावना विकसित करने के साथ उन्हें सजग और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम मे विद्यार्थी स्टाफ मौजूद रहा।
फोटो-1,2 नांगल पहाडी विद्यालय में सुरक्षा एवं साइबर क्राइम के प्रति जागरुक करते पुलिस स्टाफ
Balghat, Karauli | Aug 8, 2026