*'योग फॉर हेल्दी एजिंग' थीम पर बस्ती में 21 जून को मनाया जाएगा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, कलेक्ट्रेट स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय मुख्य आयोजन*
*बस्ती, 20 जून 2026।* आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून रविवार को अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की वैश्विक थीम _"YOGA FOR HEALTHY AGEING"_ यानी 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' के संकल्प के साथ जनपदवासियों को स्वस्थ, ऊर्जावान और दीर्घायु जीवन की प्रेरणा दी जाएगी। कार्यक्रम प्रातः 06:00 बजे से शुरू होगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि स्थान ग्रहण करने हेतु प्रातः 05:45 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर अवश्य पहुंचें।
*'योगः कर्मसु कौशलम्' का दिया जाएगा संदेश*
जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना के निर्देशन में होने वाले इस आयोजन में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नागेन्द्र कुमार की उपस्थिति रहेगी। प्रशासन का कहना है कि योग केवल शरीर को लचीला बनाना नहीं, बल्कि मन और आत्मा को अनुशासित करने का महापर्व है। 'करें योग, रहें नीरोग' के नारे के साथ बस्ती को स्वस्थ और निरोग बनाने के लिए सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा।
*सभी जनपदवासियों को आमंत्रण*
इस स्वास्थ्य-वर्धक राष्ट्रीय उत्सव में बस्ती जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों, प्रबुद्ध जनों, युवाओं, मातृशक्ति, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सादर आमंत्रित किया गया है। आयुष विभाग द्वारा योग प्रशिक्षकों की देखरेख में कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा।
Kirti Prakash Bharti
*हरि ओम प्रकाश*
*संवाददाता, कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Jun 20, 2026