FLN प्रशिक्षण के चौथे बैच का शुभारंभ, BSA ने किया औचक निरीक्षण
देवरिया। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत देवरिया सदर बीआरसी प्रांगण में संचालित FLN प्रशिक्षण के चौथे बैच के प्रथम दिवस जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, देवरिया द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। बीएसए प्रातः करीब 9:30 बजे बीआरसी पहुंचे और प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे अध्यापकों की उपस्थिति, सहभागिता एवं प्रशिक्षण के प्रति उनकी सक्रियता की जानकारी ली। इसके साथ ही प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों की रूपरेखा, विषयवस्तु एवं तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता को परखा।
बीएसए ने प्रतिभागी शिक्षकों को संबोधित करते हुए FLN प्रशिक्षण की महत्ता एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर बच्चों की मजबूत शैक्षिक नींव तैयार करना निपुण भारत मिशन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि शासन की दूरदर्शी पहल के तहत परिषदीय विद्यालयों में कस्टमाइज्ड NCERT आधारित ‘वीणा’ पुस्तक एवं गणित मेला जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है। इन प्रयासों के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।
बीएसए ने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं गतिविधियों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया, ताकि निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर सफलतापूर्वक साकार किया जा सके।