भटनी सीएचसी पर 28 आशा बहुओं को वितरित की गई HBYC किट
#भटनी, देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी पर छोटे बच्चों की गृह आधारित देखभाल कार्यक्रम HBYC (Home-Based Care for Young Child) के तहत 28 आशा बहुओं को HBYC किट वितरित की गई। किट का वितरण अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार, प्रभारी स्वास्थ्य निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्र, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर रानी यादव एवं ब्लॉक डाटा प्रबंधक विवेक श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
एचबीवाईसी कार्यक्रम के अंतर्गत आशा बहुओं द्वारा 3 माह से 15 माह तक के बच्चों के घर जाकर उनकी स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी स्थिति की जानकारी ली जाती है। इसका उद्देश्य बच्चों में कुपोषण एवं बीमारियों की रोकथाम के साथ-साथ शिशु मृत्यु दर और रुग्णता को कम करना है।
कार्यक्रम के दौरान आशा बहुओं द्वारा परिवारों को छह माह तक केवल स्तनपान, छह माह के बाद स्तनपान के साथ पौष्टिक पूरक आहार देने, आवश्यक खनिज तत्वों से युक्त भोजन, स्वच्छता एवं साफ पानी के उपयोग के बारे में जानकारी दी जाती है। साथ ही बच्चे के वजन, लंबाई और विकास की निगरानी तथा नियमित टीकाकरण की स्थिति की भी जांच की जाती है।
आशा बहुओं को दस्त, निमोनिया जैसी सामान्य बचपन की बीमारियों के लक्षण पहचानने और उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी परिवारों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी जाती है। इसके अतिरिक्त परिवार नियोजन एवं संपूर्ण टीकाकरण के प्रति भी जागरूक किया जाता है।
एचबीवाईसी के तहत निर्धारित गृह भ्रमण के लिए आशा बहुओं को प्रति भ्रमण ₹50 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। पांच निर्धारित भ्रमण पूरे करने पर कुल ₹250 की प्रोत्साहन राशि मिलती है।
इस अवसर पर आशा संगिनी ऊषा यादव, अंजू मल्ल, किरण, पूनम, शशिकला, इंदू देवी, माया देवी, संध्या देवी, सुषमा देवी, अंजिता, अनिता, प्रभावती देवी सहित अन्य आशा बहुएं उपस्थित रहीं।