दाड़लाघाट। विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत मांगू के सोरिया वन क्षेत्र में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये की राशि से सरोवर का निर्माण किया गया है। वन क्षेत्र होने के कारण सरोवर की उपयोगिता और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इसके समीप सोलर सीसीटीवी कैमरा भी स्थापित किया गया है। विकास खंड अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि सरोवर के निर्माण के बाद इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सोलर सीसीटीवी के माध्यम से सामने आया कि इस सरोवर का उपयोग विभिन्न प्रकार के वन्यजीवों द्वारा किया जा रहा है। इनमें बारहसिंगा, काकड़, जंगली सूअर, हिरण और गीदड़ प्रमुख रूप से शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सरोवर न केवल वन्यजीवों के लिए पेयजल का महत्वपूर्ण स्रोत बन रहा है, बल्कि इससे क्षेत्र के भूमिगत जलस्तर को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। वन क्षेत्र में पानी की उपलब्धता होने से वन्यजीवों को विशेष रूप से गर्मी और सूखे के दौरान काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्राम पंचायत मांगू के सोरिया वन में निर्मित यह सरोवर वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
Solan, Solan | Aug 14, 2026