लद्दाख में ड्यूटी के दौरान बीएसएफ जवान शिवकुमार मिश्र का निधन, तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर पहुंचा तो नम हुईं आंखें
‘शहीद शिवकुमार अमर रहें’ के नारों से गूंजा क्षेत्र, गांव में होगा अंतिम संस्कार
भादर (अमेठी)। लद्दाख में देश की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवान शिवकुमार मिश्र (45) के निधन की खबर से अमेठी में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह उनका पार्थिव शरीर जनपद की सीमा पर पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। नम आंखों और देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने वीर जवान को श्रद्धांजलि दी। ‘शहीद शिवकुमार अमर रहें’ के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव के घोरहवा मजरे के निवासी शिवकुमार मिश्र पुत्र स्व. जगन्नाथ मिश्र बीएसएफ की 165वीं बटालियन में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वर्ष 2002 में वह सेना में भर्ती हुए थे। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे लद्दाख में ड्यूटी के दौरान उनके सीने में अचानक दर्द उठा। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया।
जवान के असामयिक निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवकुमार मिश्र अपने पीछे माता सावित्री देवी, पत्नी अर्चना मिश्रा और दो बेटों आर्यन (18) व अंश (16) को छोड़ गए हैं।
बुधवार को पार्थिव शरीर के जनपद की सीमा पर पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं। गांव में अंतिम संस्कार किया जा रहा है, जिसमें कई नेताओं सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। देश की सेवा में जीवन समर्पित करने वाले जवान को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ी भीड़ ने उनके प्रति लोगों के सम्मान और देशभक्ति के जज्बे को प्रदर्शित किया। देखिए तस्वीरें
DM Amethi Amethi Police Kishori Lal Sharma Rahul Gandhi PMO India
Amethi, Amethi | Oct 14, 2026