विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तवीरों का सम्मान, महापौर ने बढ़ाया उत्साह
रक्तदान को बताया मानवता की सबसे बड़ी सेवा, युवाओं से नियमित रक्तदान का आह्वान
एक यूनिट रक्त ज़रूरतमंदों को देता है नया जीवन, समाज को आगे आने की जरूरत : महापौर
करनाल। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को आयोजित रक्तदान शिविर में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विशेष रूप से सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने रक्तदाताओं, आयोजकों एवं समाजसेवियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही रक्तदाता युवाओं एवं स्वयंसेवकों से संवाद कर उनके सेवा भाव की सराहना करते हुए समाजहित में किए जा रहे कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा श्रेष्ठ माध्यम है, जिसके जरिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। इसलिए रक्तदान केवल दान नहीं बल्कि सच्चे अर्थों में जीवनदान है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर नियमित रक्तदान का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
महापौर ने रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तवीरों का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजकों के सार्थक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में ऐसे शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर मोहित चावला, गौरव सेखड़ी, गौरव अरोड़ा, आकाश भट्ट, संजय गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
सक्रिय भागीदारी का आह्वान
कार्यक्रम के समापन पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों, सहयोगियों एवं रक्तदाताओं को शुभकामनाएं दीं। साथ ही भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।