राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से बच्चे को मिला जन्मजात विकृति से उपचार
-
निःशुल्क उपचार एवं सर्जरी से क्लब फुट की समस्या से हुआ मुक्त, माता-पिता ने जताया आभार
-
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के माध्यम से जिले में जन्मजात विकृतियों से ग्रसित बच्चों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में बल्देवगढ़ विकासखंड के ग्राम कुड़ीला निवासी श्रीमती ज्योति एवं उनके पति श्री राजेंद्र राजपूत के बच्चे का सफलतापूर्वक उपचार कर उसे जन्मजात टेढ़े पैर (क्लब फुट) की समस्या से मुक्त कराया गया है।
बच्चा जन्म से ही क्लब फुट नामक जन्मजात विकृति से ग्रसित था। आरबीएसके टीम बल्देवगढ़ के चिकित्सक डॉ. राहुल सेन एवं श्रीमती रागिनी श्रीवास्तव द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों के भ्रमण के दौरान बच्चे की पहचान की गई। टीम द्वारा बच्चे को चिन्हांकित कर आवश्यक उपचार के लिए जिला स्तर पर रेफर किया गया।
जिला टीकमगढ़ की डीईआईसी की श्रीमती जागृति त्रिवेदी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समन्वय से बच्चे को निःशुल्क उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में स्थापित संबंधित संस्था में रेफर किया गया। वहां चिकित्सक डॉ. शीला प्रजापति द्वारा बच्चे की सफल सर्जरी की गई। उपचार के पश्चात बच्चा अब क्लब फुट की समस्या से मुक्त होकर सामान्य रूप से जीवन की ओर अग्रसर है।
बच्चे के सफल उपचार से उसके माता-पिता बेहद खुश हैं। उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से मिले निःशुल्क उपचार के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
#SevaSankalpAbhiyan
#सेवा_संकल्प_अभियान
#खुशियों_की_दास्तां
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
Tikamgarh, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026