रामगढ़ में पानी की लीकेज के लिए खोदी गई गली बनी हादसों का कारण, ग्रामीणों ने उठाई मरम्मत की मांग
पंचकूला, रामगढ़। रामगढ़ क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से निर्मित गली को पानी की लीकेज की समस्या के चलते पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा खोद दिया गया है। गली में बने गड्ढे के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और यहां हर समय दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि गली को खोदे जाने के बाद अब तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई है। ऐसे में राहगीरों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह गड्ढा खतरे का कारण बन गया है। लोगों का कहना है कि अब यह स्पष्ट नहीं है कि गली की मरम्मत किस विभाग द्वारा की जाएगी और इसे कब तक ठीक किया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि काफी प्रयासों के बाद इस गली का निर्माण कराया गया था, लेकिन लीकेज ठीक करने के बाद गली को पुनः दुरुस्त नहीं किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते गड्ढे को नहीं भरा गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि केवल इस गली में ही नहीं बल्कि रामगढ़ के कई अन्य स्थानों पर भी इसी तरह सड़कें और गलियां खोदी गई हैं, जिनकी मरम्मत अभी तक नहीं हुई है। इससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
इस बीच गली में बने गड्ढे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत कर क्षेत्रवासियों को राहत दी जाए।