निवाड़ी पुलिस ने पत्रकार वार्ता के दौरान, राधिका मोबाइल शॉप तिगेला पर स्थित दुकान में हुई चोरी का किया खुलासा
निवाड़ी
23/09/2026
निवाड़ी कोतवाली पुलिस का चोरी का खुलासा
मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख से अधिक का माल बरामद
एंकर - निवाड़ी पुलिस अधीक्षक डॉ राय सिंह नरवरिया से ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 36 मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत 10 लाख 9 हजार 471 रुपये बताई जा रही है।
दरअसल, 6 और 7 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात फरियादी धर्मेंद्र कुशवाहा की मोबाइल दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने मोबाइल चोरी कर लिए थे। मामले में 7 जुलाई को थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 200/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देशन और अनु. अधि. पुलिस निवाड़ी के.के. पांडे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। आरोपियों की जानकारी देने के लिए 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। साइबर टीम द्वारा जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर करीब 10 दिनों तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
पुलिस ने 23 सितंबर 2026 को आरोपी देवदास कुशवाहा, उम्र 25 वर्ष, निवासी बंगरा, थाना बंगरा, जिला झांसी, उत्तर प्रदेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर दूसरे आरोपी पुष्पेंद्र कुशवाहा, निवासी टौंला को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की निशानदेही पर:
33 नए मोबाइल
3 पुराने मोबाइल
घटना में प्रयुक्त अपाचे स्कूटी
बरामद कर जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, बरामद 33 नए मोबाइल की कीमत करीब 9 लाख 29 हजार 471 रुपये और 3 पुराने मोबाइल की कीमत 30 हजार रुपये है।
मोबाइल और स्कूटी सहित कुल बरामद मशरूका 10 लाख 9 हजार 471 रुपये बताया गया है। घटना में इस्तेमाल सब्बल के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और फरियादी आपस में रिश्तेदार हैं और उनके बीच पुराना विवाद चल रहा था। आरोपियों ने आर्थिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से घटना से एक दिन पहले दुकान की रेकी की।
वारदात की रात एक आरोपी बाहर खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहा था, जबकि दूसरे आरोपी ने सब्बल से दुकान की पिछली दीवार तोड़कर चोरी की।
इस कार्रवाई में अनु. अधि. पुलिस के.के. पांडे, थाना प्रभारी बलजीत सिंह, उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण मावई, उपनिरीक्षक कुलदीप यादव और साइबर सेल सहित पुलिस टीम के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
फिलहाल, पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Niwari, Niwari | Sep 23, 2026