मुख्य सड़क पर मौत बनकर खड़ा है यूके नंबर का कैंटर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा! प्रशासन और पुलिस से सख्त कार्रवाई की पुरजोर मांग
गऊघाट क्षेत्र की मुख्य सड़क इन दिनों हादसों का अड्डा बनती जा रही है। सड़क के बीचों-बीच खड़े दो कैंटर (UK नंबर) के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासियों और ग्रामवासियों का कहना है कि यह कैंटर किसी बड़े हादसे को सीधा न्योता दे रहा है। आज एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया, लेकिन प्रशासन की खामोशी कभी भी भारी पड़ सकती है।
आवागमन में हो रही भारी दिक्कत
ग्रामीणों के अनुसार, यह यूके (UK) रजिस्ट्रेशन नंबर वाला कैंटर रोजाना मुख्य सड़क पर ही खड़ा रहता है, जिससे रास्ते पर भारी जाम और आवागमन में भयंकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर वाहन खड़े होने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए बताया कि यह लापरवाही पहली बार नहीं बरती जा रही है। कुछ समय पहले भी शाहदौर निवासी दो लोग इसी तरह सड़क पर खड़े एक कैंटर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद वाहन मालिक और प्रशासन की नींद नहीं खुल रही है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की गुहार
गऊघाट के ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस से पुरजोर मांग की है कि इस कैंटर को तुरंत मुख्य सड़क से हटाया जाए और लापरवाही बरतने वाले वाहन मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी की जान जाने से पहले इस गंभीर समस्या का समाधान हो सके।