हैंड ग्रेनेड मिलने से हरपालपुर में मचा हड़कंप, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के जोधनपुरवा मजरा पलिया गांव में शुक्रवार को हैंड ग्रेनेड जैसा संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना डॉयल 112 पर कॉल कर सतीश पुत्र रामसेवक राठौर निवासी जोधनपुरवा ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध वस्तु का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया वस्तु हैंड ग्रेनेड जैसी प्रतीत हो रही है। इसके नष्टीकरण और सुरक्षा की दृष्टि से बम खोज एवं निरोधक टीम (Bomb Detection and Disposal Squad) को मौके पर बुलाया जा रहा है।
पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार मौके पर फिलहाल कानून एवं शांति व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है। संदिग्ध वस्तु को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक टीम की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
मामले में क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संदिग्ध वस्तु के नष्टीकरण के लिए बम डिस्पोजल टीम को बुलाया जा रहा है।
Bilgram, Hardoi | Aug 28, 2026