⬇️पिथौरागढ़ :- आठूं मेले के द्वितीय दिवस निकली भगवान महेश्वर की भव्य झांकी, लोक संस्कृति के रंग में रंगा पिथौरागढ़⬇️
नगर में आयोजित आठूं मेला 2026 के द्वितीय दिवस धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर ग्राम सेरा खड़कोट से भगवान महेश्वर की भव्य झांकी निकाली गई। स्थानीय महिलाओं और विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक झांकी में भाग लिया। पारंपरिक गीतों, भजनों और जयकारों के बीच निकली झांकी ने नगर के माहौल को भक्तिमय बना दिया।
झांकी ग्राम सेरा खड़कोट से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए श्रीरामलीला प्रबन्धकारिणी समिति मैदान पहुंची। यहां भगवान महेश्वर की प्रतिमा को विधिवत रूप से स्थापित किया गया। झांकी के मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने दर्शन कर भगवान महेश्वर का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान महिलाओं की सहभागिता और विद्यार्थियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष आकर्षण दिया। पारंपरिक परिधानों में शामिल महिलाओं और उत्साह से भरे छात्र-छात्राओं ने कुमाऊं की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।
आठूं मेला पिथौरागढ़ की धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोक विरासत से जोड़ने का प्रयास भी देखने को मिल रहा है।