चित्रकूट -रिजर्व पुलिस लाइन्स चित्रकूट में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व*
दिनांक 04.09.2026 की रात्रि को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स चित्रकूट एवं थाना कोतवाली कर्वी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चित्रकूट श्री पुलकित गर्ग, जिला जज श्री शेषमणि शुक्ला, पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री पीयूषकांत राय, क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन्स श्री राज कमल, प्रतिसार निरीक्षक श्री रामाशीष यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री अरुण कुमार सिंह द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान पूरे पुलिस लाइन्स परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा जी की मनमोहक झांकियां सजाई गईं, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित हो गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन्स में आवासित पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण की मनमोहक पोशाक धारण कर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के भक्ति संगीत एवं धार्मिक गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी लोगों में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।
इसके पश्चात मथुरा से आए कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं पर आधारित भजन, नृत्य एवं रासलीला का मनमोहक मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया तथा सभी ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
इसी क्रम में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने राधा-कृष्ण सहित विभिन्न धार्मिक पात्रों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर प्रतिभाग किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा सराहना की गई। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री अरुण कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री पीयूषकांत राय द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस अधीक्षक चित्रकूट एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन्स स्थित मंदिर में विधि-विधानपूर्वक हवन-पूजन एवं आरती की गई तथा भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा तथा श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए गए।
इस अवसर पर थाना कोतवाली कर्वी की कीर्तन पार्टी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के भक्तिमय गीत एवं भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारीगण, पुलिसकर्मी एवं उनके परिजन भक्तिरस में डूब गए। कीर्तन एवं भजनों से पूरा पुलिस लाइन्स परिसर श्रीकृष्णमय हो उठा।
कार्यक्रम में माननीय मऊ-मानिकपुर विधायक श्री अविनाश चन्द्र द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरेन्द्र गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री महेन्द्र कोटार्य, कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष श्री पंकज अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अशोक जाटव, सम्मानित पत्रकार बन्धु, पुलिस अधिकारीगण/कर्मचारीगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति सपरिवार उपस्थित रहे तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आनंद लिया।
इसी क्रम में जनपद चित्रकूट के समस्त थानों एवं चौकियों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। सभी थाना/चौकी परिसरों में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण एवं उनके परिजनों द्वारा पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में सहभागिता की गई।